ग्रीन आर्मी का कमाल दो साल मे लगाए एक लाख से ज्यादा पौधे

शंकरगढ़ सहित शहर को हराभरा करने के लिए युवाओं के अनूठा संकल्प का परिणाम है ग्रीन आर्मी। वन विभाग के सहयोग से 400 युवाओं का यह दल दो सालों में एक लाख के अधिक पौधे लगा चुका है।

ग्रीन आर्मी का कमाल दो साल मे लगाए एक लाख से ज्यादा पौधे

       KTG समाचार आरिफ खान देवास मध्यप्रदेश

अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, पर्यावरण को बचाएं, आओ मिलकर शहर को हराभरा बनाएं...। ऐसे ही कुछ श्रेष्ठ संकल्पों के साथ दो साल पहले शहर के युवाओं ने इस बेहतरीन सफर की शुरुआत की थी, जो लगातार जारी रही। तब से अब तक युवाओं की यह टीम शंकरगढ़ पहाड़ी, शहर और जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक लाख से अधिक पौधे लगा चुकी है। आने वाले छह माह में शंकरगढ़ पहाड़ी पर पचास हजार पौधे और लगाने के लक्ष्य के साथ यह टीम लगातार काम कर रही है। हम बात कर रहे हैं शहर की संस्था ग्रीन आर्मी की।

यह ग्रीन आर्मी महज शंकरगढ़ पर ही पौधे नहीं लगाती है, बल्कि शहर के जो भी रहवासी यदि अपने घर और आसपास पौधे लगाना चाहते हैं तो इसके लिए भी सहयोग करती है, रहवासियों को पौधे उपलब्ध करवाए जाते हैं, टीम के सदस्य स्वयं पहुंचकर पौधे लगवाने में सहयोग करते हैं। उसके वृक्ष बनने तक लगातार सहयोग करते हैं। संस्था के सचिव चेतन जैन बताते हैं कि पर्यावरण को संरक्षण करने वाले देवास शंकरगढ पर्वत पर पौधारोपण, वृक्ष संरक्षण का कार्य करने के लिए सामूहिक रूप से प्रत्येक रविवार सुबह 6 से 8 बजे तक का समय देते हैं। हमारे द्वारा पौधारोपण, वृक्ष संरक्षण, गौ सेवा, सेना अभ्यास, खेलकूद, योगा, ध्यान, पर्यावरण चर्चा, पर्वतारोहण आदि गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

संस्था के सचिव बताते हैं ग्रीन आर्मी का परिवार 400 सदस्यों के पार हो गया है। साथ ही अनुमानित 40,000 पौधों से अधिक संख्या में शंकरगढ पर्वत पर जीवित वृक्ष एवं पौधे अब तक लगाए जा चुके हैं। हमारा मिशन अब और भी तेज करने की आवश्यकता है। 1000 सदस्यों के अनुभवी परिवार के साथ ग्रीन आर्मी शंकरगढ नगर वन संरक्षण एवं विकास के लिए देवास वन विभाग का साथ देने के तैयार होगा।

ग्रीन आर्मी एक और यह भी लक्ष्‌य लेकर काम करती है कि रहवासियों को इस तरह भी पौधे उपलब्ध करवाए जाते हैं कि वे उन्हें घर पर लगा लें, और जब पौधे बड़े हो जाएं, तब उन्हें शंकरगढ़ पहाड़ी पर शिफ्ट करवा दिए जाएं, इसके लिए जिस घर पर यह पौधे लगाए जाते हैं वहां के रहवासियों को भी टीम अपने साथ लेकर जाती है और उनके माध्यम से ही पहाड़ी पर पौधे लगवाए जाते हैं। संस्था का एक संकल्प यह भी है कि 2025 तक 1000 सदस्यों के घरों में प्रत्येक घर में 100 पौधे विकसित हों, ताकि उन्हें बाद में शंकरगढ़ पहाड़ी पर रोपित किया जा सके।

संस्था के सचिव बताते हैं 2020 में डीएफओ पीएन मिश्रा के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काम शुरू किया। अध्यक्ष समरजीत जाधव का जुडाव शंकरगड़ पर्वत से बचपन से ही रहा है। विशेष सहयोग देवास जिला पर्यावरण प्रहरी संघ के ओमप्रकाश जगावत का भी है।