पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़,

पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़,

ब्लास्ट में घायल जवान।

 ब्लास्ट में एसएसबी का जवान घायल

कौशल सोनी, केटीजी समाचार

कांकेर। जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवान एरिया डोमिनेशन के लिए निकले थे। सर्चिंग के दौरान एसएसबी का एक जवान आइइडी की चपेट में आ गया। ब्लास्ट के बाद घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा बल के जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की जवाबी फायरिंग के बाद नक्सली भाग खड़े हुए। ब्लास्ट में एसएसबी का एक जवान घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अंतागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।

ताडोकी थाना क्षेत्र के एसएबी कैंप कोसरोंडा 33 बटालियन से लगभग 150 शुक्रवार को क्षेत्र में चल रहे रेलवे लाइन विस्तार कार्य को सुरक्षा प्रदान करने के लिए सर्चिंग के लिए निकले हुए थे। जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लिए नक्सलियों ने पहले से ही आइइडी बम लगा रखा था। सर्चिंग के दौरान दोपहर लगभग 12 बजे कोसरोंडा कैंप से लगभग एक किलो मीटर की दूरी पर ग्राम तुमापाल व ग्राम पतकालबेड़ा के बीच एसएसबी जवान सुरेंद्र सिंह (31) का पैर आइइडी पर आ गया। जिससे ब्लास्ट हुआ और जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। ब्लास्ट के बाद घात लगाए बैठे नक्सलियाें ने सुरक्षा बल के जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बल के जवानों द्वारा जवाबी फायरिंग के बाद नक्सली जंगल की ओर भाग खड़े हुए। घायल जवान सुरेंद्र सिंह को उपचार के लिए अंतागढ़ अस्पताल लाया गया हैं। घायल जवान राजस्थान के रायगढ़ जिला चूरू का निवासी बताया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीएन बघेल ने बताया कि रेलवे लाइन निर्माण कार्य सुरक्षा के लिए जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान यह हादसा हुआ है। घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले जाया गया है।

पैर में गंभीर चोट

घायल जवान का अंतागढ़ में प्राथमिक उपचार किया गया। स्वास्थ विभाग के बीएमओ भेषज रामटेक ने बताया की घायल जवान सुरेंद्र सिंह की हालत स्थिर बनी हुई है। लेकिन ब्लास्ट की चपेट में आने से दाहिना पैर में गंभीर चोट आई है और पेट में भी चोट आई है। जिसके कारण अत्यधिक रक्त बह रहा है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।

हेलिकाप्टर से ले जाया गया रायपुर

आइइडी ब्लास्ट में घायल होने पर जवान को एंबुलेंश से अंतागढ़ अस्पताल लाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। जवान के पैर में गंभीर चोट आने की वजह से उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। जवान को लेने के लिए हेलिकाप्टर पहुंची। शाम लगभग पांच बजे जवान को अंतागढ़ से हेलिकाप्टर से रायपुर रवाना किया गया।