अत्यंत ही हर्षोल्लास एवं उत्साह व देशभक्तिमय विधि से "स्वामी संगम विहार कॉलोनी में" देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को मनाया गया।
प्रयागराज। स्वामी संगम विहार कॉलोनी में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्तिमय वातावरण में मनाया गया। समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक श्री नंदलाल राय जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी नागरिकों के साथ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम का प्रारंभिक संचालन श्री राजेश तिवारी जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री नंदलाल राय जी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात मंच संचालन का दायित्व डॉ. ऋषि भटनागर जी ने संभाला और पूरे कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से आगे बढ़ाया गया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण कॉलोनी के तीन सेवानिवृत्त सैनिकों—श्री जयशंकर पांडे जी, श्री अशोक यादव जी एवं श्री रंजीत पाल जी—का सम्मान समारोह रहा। कॉलोनीवासियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की।
इस अवसर पर श्री पी.सी. श्रीवास्तव जी ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं नागरिक दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए, जबकि श्री जयशंकर पांडे जी ने सामाजिक एकता, अनुशासन और सशक्त समाज निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अन्य मनोरम कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा ने समारोह में विशेष ऊर्जा का संचार किया।
समारोह की सफलता में कॉलोनी के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में श्री पीयूष हालदार जी श्री अनुज सिंह, श्री आशीष विश्वकर्मा, श्री सरोज राय जी, पूर्व प्रधान श्री गोरेलाल जी, श्री प्रदीप कश्यप जी, श्री महेश चौहान जी, श्री अनिल मौर्या जी, अनुभव, आयुष श्रीवास्तव एवं दिपांकर सहित अनेक युवाओं और कॉलोनीवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया और स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों की सहभागिता रही। अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
स्वामी संगम विहार कॉलोनी परिवार द्वारा आयोजित यह समारोह सामाजिक एकता एवं अखंडता, देशभक्ति और सामुदायिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!