चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से जनपद सुलतानपुर में तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात एवं भारी वर्षा की संभावना; जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की।
सुलतानपुर- बंगाल की खाड़ी में विकसित अति प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आगामी दिनों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 03:00 बजे जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार, दिनांक 28 से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं तथा बेमौसम वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी जनपद स्तरीय पूर्वानुमान में जनपद सुलतानपुर के लिए विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है। दिनांक 29 अक्टूबर को जनपद में भारी वर्षा तथा मेघगर्जन/वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना वाले क्षेत्रों में सुलतानपुर को सम्मिलित किया गया है। दिनांक 30 अक्टूबर को भी सुलतानपुर में मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।
जिलाधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा जनसामान्य को समय से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी
दिनांक 28 अक्टूबर, 2026
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
जनपदवासियों को मौसम में होने वाले बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
दिनांक 29 अक्टूबर, 2026
मौसम विभाग के जनपद स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार, सुलतानपुर में भारी वर्षा की संभावना है।
जनपद में मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना वाले क्षेत्रों में सुलतानपुर सम्मिलित है।
नागरिकों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती है।
दिनांक 30 अक्टूबर, 2026
सुलतानपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज हवाओं की संभावना है।
वर्षा तथा तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां टूटने, बिजली आपूर्ति बाधित होने, जलभराव तथा यातायात प्रभावित होने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
सचेत ऐप डाउनलोड करने की अपील जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों एवं आपदा से बचाव की जानकारी समय से प्राप्त करने के लिए अपने मोबाइल फोन में ‘सचेत (SACHET) ऐप’ डाउनलोड करें।
जिलाधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतः सभी नागरिक मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर विश्वास करें।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!